उत्तर प्रदेश

CM योगी बरसाएंगे फूल, कांवड़ियों की खातिरदारी में देसी से मॉडर्न तक का स्वाद; पिज्जा-मोमोज भी तैयार

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सुविधाओं को लेकर योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ में कांवड़ यात्रियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा करेंगे। वहीं, कांवड़ मार्गों पर लगे शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए पारंपरिक सात्विक भोजन के साथ आधुनिक व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई है।

मेरठ में हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा

प्रदेश सरकार की ओर से कांवड़ यात्रा मार्गों पर 9 और 10 अगस्त को पुष्पवर्षा का कार्यक्रम जारी किया गया है। कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ में शाम 3:45 बजे से 4:30 बजे तक हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा करेंगे।

इससे पहले 9 अगस्त को मुख्यमंत्री बागपत में सुबह 10:30 से 11:15 बजे तक कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करेंगे। इसके बाद सहारनपुर में सुबह 11:45 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और मुजफ्फरनगर में दोपहर 1:30 से 2:15 बजे तक पुष्पवर्षा का कार्यक्रम है।

वहीं, 10 अगस्त को गाजियाबाद में सुबह 8:30 से 9:15 बजे, हापुड़ में सुबह 9:45 से 10:30 बजे और बुलंदशहर में सुबह 11:15 बजे से दोपहर 12 बजे तक कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए संबंधित जिलों में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

सात्विक भोजन के साथ पिज्जा-मोमोज भी

कांवड़ यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं के लिए पारंपरिक सात्विक भोजन के साथ आधुनिक व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई है। शिविरों में बिना प्याज-लहसुन के देसी व्यंजनों के अलावा पास्ता, पिज्जा, नूडल्स, मोमोज और मंचूरियन जैसे व्यंजन भी परोसे जा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी लगातार निजी शिविरों का निरीक्षण कर रहे हैं और भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा दूसरी व्यवस्थाओं की जांच कर रहे हैं।

नाश्ते से डिनर तक पूरा मेन्यू तैयार

शिविरों में कांवड़ियों के लिए पूरे दिन का भोजन तय किया गया है। सुबह चाय, बिस्किट, पोहा और जलेबी से शुरुआत हो रही है। नाश्ते में समोसा, कचौड़ी, ब्रेड पकौड़ा, वेज हक्का नूडल्स और हनी चिली पोटैटो भी परोसे जा रहे हैं। दोपहर के भोजन में शाही पनीर, कढ़ाई पनीर, पनीर लबाबदार, दाल मखनी, मिक्स वेज, चूरचूर नान, बटर नान और जीरा राइस की व्यवस्था है। मिठाई में रबड़ी-जलेबी, रसमलाई, रसगुल्ला और गुलाब जामुन शामिल हैं। शाम के समय स्प्रिंग रोल, चिली पनीर, मंचूरियन, व्हाइट और रेड सॉस पास्ता, वेज पिज्जा, मोमोज, मैकरोनी, सूप और बर्गर परोसे जा रहे हैं। रात के खाने में छोले-पूड़ी, मटर पनीर, पुलाव, दाल और ताजी रोटियों के साथ खीर, हलवा, फ्रूट कस्टर्ड और गुलाब जामुन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा शिविरों में लस्सी, छाछ, जूस, चाय, कॉफी और शीतल पेयजल भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

एक घंटे में बन रही करीब 900 रोटियां

मेरठ के कंकरखेड़ा व्यापार संघ के शिविर में भोजन व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ा गया है। शिविर में 20 किलो आटा एक साथ गूंधने वाली मशीन और ऑटोमैटिक रोटी मशीन लगाई गई है। आयोजकों के मुताबिक मशीन करीब एक मिनट में 16 और एक घंटे में लगभग 900 रोटियां तैयार कर रही है। यहां रोजाना करीब 6 से 7 हजार रोटियां बनाई जा रही हैं। सब्जियां काटने और मसाले तैयार करने के लिए भी आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि कम समय में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार किया जा सके।

व्रत रखने वाले कांवड़ियों के लिए फलाहार

मोदीपुरम के शिविरों में उपवास रखने वाले कांवड़ियों के लिए विशेष फलाहार की व्यवस्था की गई है। वहीं, कई शिविरों को इस बार पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने का प्रयास किया गया है। शिविर संचालकों का कहना है कि उद्देश्य सिर्फ कांवड़ियों को भोजन कराना नहीं, बल्कि उनकी यात्रा को सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार बनाना है। इस तरह कांवड़ यात्रा मार्गों पर जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा श्रद्धालुओं के स्वागत का बड़ा आकर्षण होगी, वहीं शिविरों में पारंपरिक सेवा के साथ आधुनिक सुविधाएं भी देखने को मिल रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button