Bangladesh में Garment कर्मचारियों का हिंसक प्रदर्शन, पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी

बांग्लादेश में कपड़ा उद्योग के कर्मचारी पिछले तीन दिनों से उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने राजमार्गों को जाम कर दिया, पुलिस की गाड़ियों समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ की, पुलिस के साथ झड़पें कीं, एक गोदाम को जला दिया और एक फैक्ट्री में तोड़फोड़ की। वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हो रहे इन हिंसक प्रदर्शनों के कारण देश के महत्वपूर्ण विनिर्माण क्षेत्र का बड़ा हिस्सा ठप हो गया है। सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहे ये प्रदर्शन ऐसे समय में हो रहे हैं जब देश लंबे समय से आर्थिक मंदी से जूझ रहा है। साथ ही, ये प्रदर्शन पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत में निर्वासन से बांग्लादेश लौटने की घोषणा के ठीक पहले हो रहे हैं। विश्व बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 में बांग्लादेश के लिए GDP ग्रोथ का अनुमान महज 3.4% लगाया है, जो 2020 (कोविड के साल) के बाद से सबसे धीमी विकास दर है। बढ़ती महंगाई और स्थिर वेतन के बीच जब मजदूर सड़कों पर उतरे, तो सरकार ने शेख हसीना की अवामी लीग और “सीमा पार के कुछ लोगों” पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया।
कई विशेषज्ञों का मानना है कि 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था नीचे की ओर जाने लगी। हसीना के कार्यकाल में ही रेडीमेड गारमेंट उद्योग – जो बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उसने जबरदस्त तरक्की की थी। रॉयटर्स के आंकड़ों के अनुसार, इस सेक्टर में लगभग 40 लाख (4 मिलियन) लोग काम करते हैं, बांग्लादेश की कुल निर्यात कमाई का 80% हिस्सा यहीं से आता है, और देश की GDP में इसका योगदान लगभग 10% है। हालाँकि, रेडीमेड गारमेंट सेक्टर को अब भारी उथल-पुथल का सामना करना पड़ रहा है; सप्ताहांत में सैकड़ों कारखाने बंद हो गए, जिससे लगभग दस लाख कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। सोमवार को कुछ कारखाने फिर से खुल गए, लेकिन ढाका और अन्य प्रमुख गारमेंट केंद्रों में विरोध-प्रदर्शन जारी रहे। सरकार ने अवामी लीग (जिस पर अब प्रतिबंध लग चुका है) पर इस अशांति को भड़काने का आरोप लगाया है—यह सब हसीना की प्रस्तावित वापसी से ठीक एक महीने पहले हुआ है।



