Asian Hockey Champions Trophy : खिताब से एक कदम दूर टीम इंडिया, सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया से होगी महामुकाबले की भिड़ंत

मोहाली। पंजाब के जालंधर में लीग मुकाबले संपन्न होने के बाद हीरो एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के नॉकआउट चरण के मुकाबलों के लिए मोहाली तैयार है। बुधवार को यहां दो सेमीफाइनल और पांचवें स्थान के लिए एक मुकाबला खेला जाएगा। ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर हॉकी स्टेडियम में पहली बार कोई अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैच आयोजित होगा। प्रतियोगिता के लीग चरण में भारत ने अपने सभी पांच मुकाबले जीतकर पहला स्थान हासिल किया।
भारत-दक्षिण कोरिया के बीच शाम सात बजे से मुकाबला
जापान दूसरे, मलेशिया तीसरे, दक्षिण कोरिया चौथे, चीन पांचवें और बांग्लादेश छठे स्थान पर रहा। चार नवंबर को दोपहर दो बजे पांचवें स्थान के लिए चीन और बंगलादेश आमने-सामने होंगे। पहला सेमीफाइनल शाम 4.30 बजे जापान और मलेशिया के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में शाम सात बजे भारत का मुकाबला दक्षिण कोरिया से होगा। दोनों सेमीफाइनल के विजेता पांच नवंबर को होने वाले फाइनल में भिड़ेंगे, जबकि पराजित टीमों के बीच कांस्य पदक का मुकाबला होगा। प्रतियोगिता में भारत अब तक अजेय रहा है और उसने पांचों मैच जीते हैं।
गोल बरसाने में भी सबसे आगे भारतीय टीम
जापान ने तीन मुकाबले जीते और एक ड्रॉ खेला, जबकि मलेशिया ने तीन तथा दक्षिण कोरिया ने दो मैच जीते हैं। भारत ने अब तक सर्वाधिक 34 गोल किए हैं। मलेशिया ने 17, दक्षिण कोरिया और चीन ने 10-10, जापान ने नौ तथा बांग्लादेश ने दो गोल किए हैं। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह नौ गोल के साथ टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर हैं। मलेशिया के अबू कमाल अजरी पांच गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं। भारत के दिलप्रीत सिंह और सुखजीत सिंह तथा चीन के बेनहाई चेन ने चार-चार गोल किए हैं। टूर्नामेंट के अब तक आठ संस्करण आयोजित हो चुके हैं।
पांच बार खिताब जीत चुका है भारत
भारत छह बार फाइनल में पहुंचा है और पांच बार खिताब जीत चुका है, जिसमें एक संयुक्त खिताब भी शामिल है। दक्षिण कोरिया ने एक बार खिताब जीता है। जापान दो बार और मलेशिया एक बार उपविजेता रहा है। एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज 27 अक्टूबर को जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में हुआ था। प्रतियोगिता का फाइनल पांच नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।


