UP Politics : अनुप्रिया पटेल फिर बनीं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष, निर्विरोध हुआ चुनाव

अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अनुप्रिया पटेल को एक बार फिर चुन लिया गया है। वह निर्विरोध पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। इस तरह अनुप्रिया पटेल ने लगातार एक बार फिर पार्टी की कमान संभाल ली है। बता दें कि अनुप्रिया पटेल इस वक्त मोदी सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री है।
अनुप्रिया पटेल का राजनीतिक सफर और शिक्षा
अनुप्रिया पटेल का जन्म 28 अप्रैल 1981 को कानपुर में हुआ था। उनके पिता डॉ. सोनेलाल पटेल अपना दल के संस्थापक थे और उत्तर प्रदेश में कुर्मी समाज के प्रमुख नेताओं में गिने जाते थे। पिता के निधन के बाद अक्टूबर 2009 में अनुप्रिया पटेल ने राजनीति में कदम रखा और धीरे-धीरे पार्टी में अपनी अलग पहचान बनाई।
अनुप्रिया पटेल ने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की। इसके बाद एमिटी यूनिवर्सिटी से मनोविज्ञान में परास्नातक की डिग्री हासिल की। उन्होंने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय से एमबीए की पढ़ाई भी की है।
उनके पति आशीष पटेल उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। अनुप्रिया पटेल वर्तमान में अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा में अपना दल (एस) भाजपा और समाजवादी पार्टी के बाद तीसरा सबसे बड़ा दल है।



