बड़ी खबरें

मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान : महिलाओं और किसानों के लिए जल्द खुलेगा विशेष राहत का पिटारा

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों और महिलाओं के लिए जल्द विशेष पैकेज लाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा दिया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों के लिए अलग से राहत पैकेज तैयार किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के तीन करोड़ किसान परिवार लाभान्वित होंगे। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी सरकार विशेष पैकेज लेकर आएगी। मुख्यमंत्री ने प्रमुख मंडियों और श्रमिक अड्डों पर अन्नपूर्णा भोजनालय खोलने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री मंगलवार को दीपावली पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 1.89 करोड़ से अधिक लाभार्थी परिवारों को करीब 1,500 करोड़ रुपये की रसोआ गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरित करने के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, अल नीनो और असमय चक्रवातों के कारण किसानों को अतिवृष्टि, अनावृष्टि और ओलावृष्टि जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 15 दिनों में दो बार हुई भारी बारिश, आंधी और तूफान से खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित किसानों को मुआवजे के साथ अलग राहत पैकेज दिया जाएगा। योगी ने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ उनके आर्थिक स्वावलंबन के लिए भी काम कर रही है। जल्द ही विशेष पैकेज लाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी आत्मनिर्भर होगी तो प्रदेश भी आत्मनिर्भर बनेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों शांति, स्वाति शर्मा, तबस्सुम जैदी, आशा गुप्ता, किरण, सबा, बबली रावत, कुशमा, मानसी और राबिया बानो को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक सौंपे।

मंडी और श्रमिक अड्डों पर मिलेगा सस्ता भोजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडियों में उपज लेकर आने वाले किसानों और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को सस्ता और सम्मानजनक भोजन उपलब्ध कराने के लिए अन्नपूर्णा भोजनालय खोले जाएंगे। किसान को मंडी में गुड़-पानी के सहारे नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि टोकन मनी देकर भरपेट भोजन मिल सकेगा। श्रमिक अड्डों पर भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

पहले गैस कनेक्शन के लिए 50 हजार तक देने पड़ते थे घूस

मुख्यमंत्री ने योगी ने कहा कि 2014 से पहले गैस कनेक्शन के लिए लोगों को 25 हजार से 50 हजार रुपये तक ब्लैक में देने पड़ते थे। उज्ज्वला योजना ने इस व्यवस्था को बदला और गरीब परिवारों तक गैस कनेक्शन पहुंचाया। उन्होंने 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू और अराजकता का आरोप लगाते हुए कहा कि आज सुरक्षा के माहौल में बाजारों में रौनक है और लोग त्योहार खुशहाली के साथ मना रहे हैं। उन्होंने बताया कि घरेलू सिलेंडर की कीमत 983.45 रुपये है। केंद्र की 335.40 रुपये सब्सिडी के बाद लाभार्थी को 648.55 रुपये देने होते हैं। राज्य सरकार ने यह राशि सीधे गैस कंपनियों को उपलब्ध कराई है। अब पात्र परिवारों को सिलेंडर लेने के लिए अपनी जेब से भुगतान नहीं करना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button