राष्ट्रीय

11 चुनाव, 7 में जीत, दिल्ली 27 साल बाद तो बंगाल पहली बार फतेह… 2024 के बाद ‘Modi 2.0’ का जलवा

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

2024 के लोकसभा चुनाव में ‘400 पार’ का नारा देने वाली बीजेपी जब 240 पर सिमट गई तो लगा कि ‘ब्रांड मोदी’ फीका पड़ गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ने वाली बीजेपी का ये सबसे खराब प्रदर्शन था. 2014 और 2019 में अपने दम पर सरकार बनाने वाली बीजेपी को 2024 में सहयोगियों की जरूरत पड़ गई.

लोकसभा चुनाव में भले ही ‘ब्रांड मोदी’ वैसा न चमका हो, जैसी उम्मीद थी. लेकिन इस 240 के झटके बाद एक नया ही रूप देखने को मिला. लोकसभा चुनाव के बाद देश ने ‘मोदी 2.0’ को देखा.

लोकसभा चुनाव के बाद ‘मोदी 2.0’

2024 के लोकसभा चुनाव के बाद से अब तक 11 राज्यों में विधानसभा चुनाव हो चुके हैं. इनमें से जितने भी राज्यों में बीजेपी की सरकार थी, वहां न सिर्फ अपनी सरकार बचाने में कामयाब रही. बल्कि कई राज्यों में तो पहले से भी ज्यादा बड़ी जीत हासिल की.

2024 के बाद कैसा रहा ‘मोदी 2.0’?

लोकसभा चुनाव होने के 9 महीने के भीतर 5 राज्यों- हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली में विधानसभा चुनाव हुए. हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली में बीजेपी ने अपना अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया. जम्मू में भी बीजेपी को कुछ फायदा हुआ.

हरियाणा में बीजेपी ने 90 में से 48 सीटें जीतीं. ये बीजेपी का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन था. 2014 में भी बीजेपी ने 47 सीटें जीतीं. महाराष्ट्र में बीजेपी ने अकेले 132 सीटें जीतीं. महाराष्ट्र में बीजेपी की ये अब तक की सबसे ज्यादा सीटें हैं. महायुति ने 288 में से 235 सीटें हासिल कीं.

जम्मू-कश्मीर में बीजेपी ने 29 सीटें जीतीं. झारखंड में बीजेपी को थोड़ा नुकसान जरूर हुआ. यहां बीजेपी 21 सीट ही जीत पाई, जो 2019 की तुलना में 4 कम थीं.

बीजेपी को सबसे बड़ा फायदा दिल्ली में हुआ. फरवरी 2025 में दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने दिल्ली में 70 में से 48 सीटें जीत ली. दिल्ली में बीजेपी ने 27 साल बाद वापसी की थी.

बिहार में एनडीए ने गर्दा उड़ा दिया

नवंबर 2025 में बिहार में विधानसभा चुनाव हुए. इस चुनाव में एनडीए ने गर्दा उड़ा दिया. 243 सीटों में से एनडीए ने 200 से ज्यादा सीटें जीतीं. अकेले बीजेपी ने 89 सीटें जीतीं और सबसे बड़ी पार्टी बनी. नीतीश कुमार की जेडीयू ने 85 सीटें जीतीं. एनडीए की बाकी पार्टियों ने 29 सीटें जीतीं. आरजेडी 25 और कांग्रेस सिर्फ 6 सीट जीत पाई.

बिहार के बाद अब 5 राज्यों- पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव हुए. इनमें से दो जगह- असम और पुडुचेरी में एनडीए की सरकार थी. दोनों जगह एनडीए अपनी सरकार बचाने में कामयाब रही. साथ ही साथ, पश्चिम बंगाल भी जीत लिया.

असम की 126 सीटों में से बीजेपी ने अकेले अपने दम पर 82 सीटें जीतीं. जबकि, एनडीए ने 102 सीटें जीत ली. पुडुचेरी की 30 में से बीजेपी ने 4 और एनडीए ने 18 सीटें जीतीं.

पश्चिम बंगाल में तो बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की. बंगाल की 294 में से 206 सीटें बीजेपी के पास चली गईं. बंगाल में बीजेपी का ये अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है. बीजेपी को 45.85% वोट मिले. 2021 के चुनाव में बीजेपी ने 77 सीटें जीती थीं. बंगाल में बीजेपी की इस बार ऐसी आंधी चली कि टीएमसी के बड़े-बड़े नेता चुनाव हार गए. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद भवानीपुर से हार गईं.

तमिलनाडु में बीजेपी को नुकसान हुआ है. 2021 में बीजेपी ने 4 सीटें जीती थीं, लेकिन इस बार एक ही सीट जीत पाई. केरल में पहली बार बीजेपी ने 3 सीटें जीती हैं. 2021 में बीजेपी एक भी सीट नहीं जीत पाई थी. लेकिन इस बार तीन सीटों पर उसके उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है.

कुल मिलाकर 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद 11 राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए, जिनमें से 7 में बीजेपी या एनडीए ने बड़ी जीत हासिल की.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button