उत्तर प्रदेश

अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की तैयारी, CM योगी बोले- फिर बनेगा दीप प्रज्वलन का विश्व रिकॉर्ड

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

अयोध्या में दीपावली पर आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष अयोध्या में 10वां दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्री अयोध्या धाम अपने भव्य-दिव्य दीपोत्सव के स्वागत के लिए तैयार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष भी रामभक्त दीप प्रज्वलन का विश्व कीर्तिमान बनाने को तैयार हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर दीपोत्सव की भव्यता और अयोध्या में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लाखों दीपों की अलौकिक आभा से जगमगाते सरयू तट, रामायण के प्रसंगों को जीवंत करती झांकियां, भव्य शोभायात्राएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां महोत्सव में त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करेंगी।

हर दीप होगा प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा का प्रतीक

सीएम योगी ने कहा कि दीपोत्सव का हर दीप प्रभु श्रीराम के प्रति अगाध श्रद्धा का प्रतीक होगा और हर लौ सनातन संस्कृति के गौरव का उद्घोष करेगी। उन्होंने इस आयोजन को अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए कहा कि दीपोत्सव में रामनगरी के पुनर्वैभव की मनोहारी अभिव्यक्ति दिखाई देती है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, दीपोत्सव अब देश-दुनिया के करोड़ों रामभक्तों की श्रद्धा और उत्साह का प्रतीक बन चुका है। वर्ष 2017 में 1.71 लाख दीपों से शुरू हुई इस यात्रा ने व्यापक पहचान बनाई है।

2017 के बाद अयोध्या में विकास को लेकर सीएम योगी का दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने बयान में वर्ष 2017 से पहले अयोध्या की स्थिति को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय रामनगरी उपेक्षा, अव्यवस्था और बदहाली का सामना कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकारों ने अयोध्या के विकास और धार्मिक भावनाओं को उचित महत्व नहीं दिया। सीएम योगी ने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा से वर्ष 2017 के बाद अयोध्या में विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया दौर शुरू हुआ। उन्होंने इसे रामनगरी के प्राचीन वैभव को फिर से स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव बताया।

राम मंदिर से एयरपोर्ट तक, अयोध्या के विकास कार्यों का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से अयोध्या अपने प्राचीन वैभव को फिर से प्राप्त कर रही है। उन्होंने भव्य श्रीराम मंदिर, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, सुसज्जित रामपथ, नए घाटों और आधुनिक सुविधाओं का उल्लेख किया। उन्होंने अयोध्या को सोलर सिटी के रूप में विकसित किए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि रामनगरी आज आस्था और आधुनिकता के संगम के रूप में उभर रही है।

दीपोत्सव को सांस्कृतिक स्वाभिमान और आस्था का प्रतीक बताया

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव उन पीढ़ियों के सपनों का उजास है, जिन्होंने सदियों तक रामनगरी को उसके त्रेतायुगीन स्वरूप में देखने की अभिलाषा संजोए रखी। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव का प्रत्येक दीप आस्था की विजय, सांस्कृतिक स्वाभिमान और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव को अयोध्या की धार्मिक परंपरा, सांस्कृतिक पहचान और विकास यात्रा से जोड़ते हुए कहा कि यह आयोजन हर वर्ष रामभक्तों के उत्साह और श्रद्धा को नई अभिव्यक्ति देता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button