एक्स ने हाथ काटकर मांग भरने की कोशिश की थी, Kanika Mann के रोंगटे खड़े करने वाले खुलासे

‘बिग बॉस 20’ के घर में टीवी अभिनेत्री कनिका मान ने अपने अतीत का एक ऐसा खौफनाक पन्ना खोला है, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया। कनिका ने खुलासा किया कि कॉलेज के दिनों में वह एक ऐसे टॉक्सिक रिलेशनशिप में फंस गई थीं, जहां उन्हें शारीरिक हिंसा और प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। अभिनेत्री ने बताया कि उनके एक्स-बॉयफ्रेंड ने न सिर्फ कॉलेज में सबके सामने उन पर हाथ उठाया, बल्कि खुद को चाकू मारकर खून से उनकी मांग भरने की कोशिश भी की थी।
कॉरिडोर में सबके सामने मारा थप्पड़, कान से बहने लगा था खून
कनिका मान ने बताया कि कॉलेज के शुरुआती दिनों में सोशल मीडिया के जरिए वह उस लड़के के संपर्क में आई थीं, लेकिन बाद में समझ आया कि वह दिमागी रूप से ठीक नहीं था।
अपने साथ हुई हिंसा को याद करते हुए कनिका ने कहा, “वह मारपीट करने वाला इंसान था। बिना बताए मेरी क्लास में आ धमकता था। एक बार मैंने स्ट्राइप्स वाला सूट पहना था, जिस पर उसने सबके सामने कॉरिडोर में मुझे थप्पड़ जड़ दिया।” कनिका ने बताया कि उस समय उन्होंने कान में नई पियर्सिंग कराई थी और जोरदार थप्पड़ की वजह से कान से खून बहने लगा था।
फोन पटका और दी पिता को बताने की धमकी
अभिनेत्री ने आगे बताया कि वह शख्स उन्हें लगातार डराता-धमकाता था और उनका फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया करता था। कनिका ने कहा, “उसने मुझे हर तरह से लाचार कर दिया था। वह कहता था कि मेरे साथ चल, वरना तेरे पापा को फोन करके बोल दूंगा कि मैं तेरा बॉयफ्रेंड हूं। उसने मेरे पापा को फोन भी किया था, लेकिन गनीमत रही कि उन्होंने उठाया नहीं। वह मुझे ब्लैकमेल करता था, लेकिन चूंकि मैं लॉ की पढ़ाई कर रही थी, इसलिए मुझे धीरे-धीरे चीजें समझ आने लगी थीं।”
खुद पर चाकू से वार कर बोला- खून से भरूंगा तेरी मांग
उस रिश्ते की सबसे डरावनी घटना का जिक्र करते हुए कनिका ने बताया, “एक दिन उसने हॉस्टल से डिपार्टमेंट तक मेरा पीछा किया। उसने मेरा हाथ पकड़कर खींचा। उसके हाथ में चाकू था, जिससे उसने खुद पर ही 3-4 बार वार किए। फिर मेरे बाल खींचकर बोला कि इस खून से तेरी मांग में सिंदूर लगाऊंगा।
ऐसे पहुंची पुलिस और जेल गया एक्स-बॉयफ्रेंड
कनिका ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और वहां से गुजर रहे एक लड़के से पुलिस बुलाने की गुहार लगाई। उन्होंने कहा, “जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वह डर गया और मुझसे चुप रहने को कहने लगा। लेकिन उसे डरता हुआ देखकर मुझे हिम्मत मिल गई। मैंने पुलिस को पूरी सच्चाई बता दी, जिसके बाद वह 2-3 दिन तक जेल में रहा। हालांकि, इसके बाद उसके परिवार और दोस्तों ने मुझे धमकियां भी दीं, लेकिन फिर मैंने अपने परिवार को सब कुछ बता दिया।



