[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चक्रवात के असर से हुई बेमौसम बारिश, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए नए पैकेज का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के नुकसान की भरपाई करेगी। इसके लिए सभी जिलों के प्रशासन को नुकसान का सर्वे कर तत्काल मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं।
किसानों को तत्काल मुआवजा, फिर आएगा नया पैकेज
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि असमय बारिश और ओलावृष्टि से अन्नदाता किसानों को नुकसान हुआ है। सरकार ने इसका मुआवजा दिया है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार किसानों के नुकसान की पूरी भरपाई करने का प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी जिला प्रशासनों को नुकसान का पूरा सर्वे करने और प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों को राहत देने के लिए सरकार नया पैकेज भी लाएगी, जिसके माध्यम से उनकी क्षति की भरपाई की जाएगी।
सपा सरकार में यूपी बना था अपराध का गढ़: योगी
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश अपराध का गढ़ बन गया था। उनके मुताबिक, सपा सरकार में अपराध बढ़ते थे, जबकि भाजपा सरकार ने विकास के जरिए प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार बदमाशों को संरक्षण देती थी और लूटपाट को बढ़ावा मिलता था। योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश पतन और शोषण की नहीं, बल्कि प्रगति और संस्कृति की धरती बन गया है। अब प्रदेश में कर्फ्यू, उपद्रव और दंगे के बजाय उत्सव का माहौल है।
‘यूपी का नाम सुनकर सौ कोस दूर भागते थे बाहरी लोग’
योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम लेते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में बाहरी लोग उत्तर प्रदेश का नाम सुनकर सौ कोस दूर भागते थे, जबकि आज प्रदेश में लोगों का स्वागत और सम्मान किया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने प्रदेश के सामने पहचान और सुरक्षा का संकट खड़ा किया, युवाओं के रोजगार और नौकरी पर डकैती डाली तथा किसानों और गरीबों के अधिकार छीने, उनसे सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की धारा को आगे बढ़ाने की अपील की।
भ्रष्टाचार और अराजकता के खिलाफ निर्णायक लड़ाई की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को मोदी सरकार से परेशानी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले लोग गरीबों के खिलाफ माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों के उत्थान और उनके जीवन में खुशहाली लाने का काम किया है।
योगी ने कहा कि अराजकता फैलाने वाले तत्व किसान, महिला और देश की सुरक्षा के विरोधी हैं। उन्होंने नक्सलवाद, आतंकवाद और अलगाववाद का समर्थन करने वालों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई की जरूरत बताई। मुख्यमंत्री ने लोगों से दुष्प्रचार का मुकाबला करने और अराजकता फैलाने वालों को ऐसा करने का मौका नहीं देने की अपील की।