उत्तर प्रदेश

लखनऊ से बाराबंकी तक परीक्षा शुरू, कहीं 45 तो कहीं 14 केंद्रों पर कड़ा पहरा, मदद के लिए पुलिस मुस्तैद

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 रविवार से शुरू हो गई। लखनऊ और बाराबंकी समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच के साथ निगरानी की जा रही है। पीईटी का आयोजन 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को किया जाना है।

लखनऊ में 45 केंद्रों पर परीक्षा, 317 पुलिसकर्मी तैनात

राजधानी लखनऊ में पीईटी के लिए 45 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। दोनों पालियों को मिलाकर करीब 38 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। पहली पाली की परीक्षा रविवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हो रही है, जबकि दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी।

पहली पाली के अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह आठ बजे से निर्धारित की गई थी। केंद्रों पर प्रवेश सुबह 9:30 बजे बंद कर दिया जाना है। अभ्यर्थियों की समुचित जांच और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रवेश प्रक्रिया के दौरान विशेष सतर्कता बरती जा रही है। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए राजधानी में 317 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

बाराबंकी में 14 केंद्रों पर परीक्षा, हर पाली में 4,656 अभ्यर्थी

बाराबंकी जिले में भी पीईटी की पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से 14 केंद्रों पर शुरू हुई। प्रत्येक पाली में 4,656 अभ्यर्थियों के परीक्षा देने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और अभ्यर्थियों की सहायता के लिए पुलिस अधिकारी मुस्तैद हैं।

परीक्षा की निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारियों की निगरानी में आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन कराया जा रहा है, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

छह पालियों में होगी परीक्षा

बाराबंकी में पहली पाली की परीक्षा दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। जिले में 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को परीक्षा आयोजित की जाएगी। कुल छह पालियों में होने वाली परीक्षा में 27,936 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था है। प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और अभ्यर्थियों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button