Asian Para Games 2026: मेडल जीतने पर स्वाति चौधरी को सीएम योगी ने दी बधाई, कहा- युवाओं के लिए बनेगी प्रेरणा

लखनऊ। एशियाई पैरा खेल-2026 में उत्तर प्रदेश की बेटी स्वाति चौधरी ने तीरंदाजी की महिला डब्ल्यू-1 स्पर्धा में रजत पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई देते हुए गर्व जताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वाति की सफलता भारत के अनगिनत युवाओं को अपने सपने साकार करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर स्वाति को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्वाति की उपलब्धि प्रदेश के लिए गौरव का विषय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वाति चौधरी की उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प देश को गौरवान्वित करते हैं। स्वाति की सफलता खासकर दिव्यांग खिलाड़ियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
खेल प्रतिभाओं को निखारने पर योगी सरकार का जोर
प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाओं, आर्थिक सहायता, पुरस्कार और सरकारी नौकरी के अवसरों पर जोर दे रही है। सरकार की खेल नीति-2023 के तहत प्रतिभाओं की पहचान करने, उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सभी 75 जिलों में खेलो इंडिया सेंटर की व्यवस्था
प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक जनपद-एक खेल योजना के तहत खेलो इंडिया सेंटर स्वीकृत किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और खेल सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना है। इसके अलावा लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, फतेहपुर और सहारनपुर में पांच स्पोर्ट्स कॉलेज संचालित हैं। यहां 14 खेलों में प्रशिक्षण के साथ खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास, भोजन और शिक्षा की सुविधा दी जाती है।
मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय से मिलेगा बढ़ावा
मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को भी खेल शिक्षा और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल से जुड़े शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना है।
ओलंपिक पदक विजेताओं के लिए करोड़ों की पुरस्कार राशि
योगी सरकार ने ओलंपिक में व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर छह करोड़ रुपये, रजत पदक पर चार करोड़ रुपये और कांस्य पदक पर दो करोड़ रुपये देने का प्रावधान किया है। इसके साथ ही उत्कृष्ट खिलाड़ियों को लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता है। स्वाति चौधरी की रजत पदक जीतने की उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी कामयाबी प्रदेश के युवा और दिव्यांग खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।



