बिजनेस

पश्चिम एशिया में तनाव से शेयर बाजार में कोहराम, लाल निशान पर बंद हुए सेंसेक्स-ंनिफ्टी

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

मुंबई। पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ने से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट रही और बीएसई का सेंसेक्स एक सप्ताह के निचले स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 344 अंक नीचे खुला और पूरे दिन लाल निशान में रहा। अंत में यह 561.46 अंक (0.72 प्रतिशत) लुढ़ककर 77,054.94 अंक पर आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 158.95 अंक यानी 0.66 प्रतिशत नीचे 24,052.05 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों प्रमुख सूचकांकों का 09 जुलाई के बाद का निचला स्तर है।

अमेरिका और ईरान के बीच हमले एक बार फिर शुरू हो गये हैं। अमेरिका जहां सीधे ईरान को निशाना बना रहा है, वहीं ईरान खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले कर रहा है। इससे बाजार में निवेश धारणा कमजोर हुई है। घरेलू स्तर पर प्रमुख सूचकांकों के साथ वृहत बाजार में भी गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.56 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.01 प्रतिशत टूट गया। बैंकिंग, वित्त, ऑटो, आईटी और रियल्टी सेक्टरों में ज्यादा गिरावट देखी गयी। एफएमसीजी, तेल एवं गैस, मीडिया और रसायन समूहों के सूचकांक भी लाल निशान में रहे।

फार्मा, स्वास्थ्य और धातु समूहों के सूचकांक ऊपर बंद हुए। सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर साढ़े चार फीसदी टूट गया। इंडिगो, बजाज फिनसर्व, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एलएंडटी के शेयर दो प्रतिशत से ज्यादा फिसल गये। कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस, आईटीसी, मारुति सुजुकी, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी और ट्रेंट के शेयरों में एक से दो प्रतिशत की गिरावट रही। इंफोसिस टाइटन, हिंदुस्तान यूनीलिवर, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एशियन पेंट्स के शेयर भी नीचे रहे। भारती एयरटेल का शेयर डेढ़ फीसदी से ज्यादा की बढ़त में बंद हुआ। टीसीएस, सन फार्मा, टाटा स्टील और अडानी पोर्टस के शेयर भी मजबूत रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button