उत्तराखंड

नवरात्र पर सरकार का बड़ा ऐलान; महिला कांस्टेबल के पद 526 से बढ़कर होंगे दो हजार, CM धामी ने दी मंजूरी

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

उत्तराखंड पुलिस में महिला कांस्टेबल के पदों की संख्या बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को जिला पुलिस में महिला कांस्टेबल के पद 526 से बढ़ाकर 2,000 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसके तहत 1,474 अतिरिक्त पद अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों से समायोजित किए जाएंगे।

महिला पुलिसकर्मियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के साथ पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को सेवा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाना है।

बिना अतिरिक्त वित्तीय भार के बढ़ेंगे पद

अधिकारियों के मुताबिक, कार्मिक विभाग ने कुल स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाए बिना और अतिरिक्त वित्तीय भार डाले बगैर प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके तहत अन्य संवर्गों और शाखाओं के स्वीकृत पदों से 1,474 पद समायोजित किए जाएंगे।

महिला आरक्षियों के समायोजन और पदोन्नति पर भी जोर

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में कार्यरत 1,210 अधिसंख्य महिला आरक्षियों के समायोजन और भविष्य में उनकी पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने के लिए उच्चतर पदों के पुनर्गठन का अलग प्रस्ताव उपलब्ध कराने की शर्त भी रखी गई है।

मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद जिला पुलिस में महिला कांस्टेबल के पदों की संख्या बढ़ाने का रास्ता साफ होगा। साथ ही, वर्तमान में कार्यरत महिला आरक्षियों के समायोजन और उनके लिए भविष्य में पदोन्नति के अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में भी पहल की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button