Hardoi News: कार पार्किंग को लेकर विवाद, पड़ोसी ने लाइसेंसी पिस्टल से मारी गोली; आरोपी गिरफ्तार

शहर कोतवाली क्षेत्र में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक पड़ोसी ने दूसरे पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी। गोली लगने से पड़ोसी की हथेली जख्मी हो गई। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पिस्टल बरामद कर ली है।
जानकारी के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के अशराफ टोला स्थित काशीनाथ वाली गली निवासी गौरव कपूर और प्रकाश चंद्र रस्तोगी पड़ोसी हैं।बुधवार शाम कार पार्किंग को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते कहासुनी में बदल गई।
आरोप है कि इसी दौरान गौरव कपूर अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया और प्रकाश चंद्र रस्तोगी पर गोली चला दी। बताया गया कि गोली प्रकाश चंद्र रस्तोगी की हथेली में लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए। घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद
सीओ सिटी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने आरोपी गौरव कपूर को गिरफ्तार कर लिया है और पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



