G7 समिट का अनदेखा किस्सा: PM Modi नहीं चाहते थे प्रेस वार्ता, पर ऐन मौके पर ‘भूल’ गए Donald Trump, 45 मिनट तक पूछे गए सवाल!

फ्रांस में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बहुचर्चित मुलाकात को लेकर भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) ने एक बड़ा और दिलचस्प खुलासा किया है। गोर के अनुसार, भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने बैठक से ठीक पहले अमेरिका से खास गुजारिश की थी कि इस वार्ता के बाद कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस या सवाल-जवाब का सत्र न रखा जाए। राष्ट्रपति ट्रंप शुरुआत में इसके लिए तैयार हो गए थे, लेकिन ऐन मौके पर वे इस अनुरोध को भूल गए और पत्रकारों से सवाल आमंत्रित कर बैठे। PM मोदी और ट्रंप की यह मुलाकात 17 जून को फ्रांस के एवियन-लेस-बेन्स में G7 समिट के दौरान हुई थी।
गोर ने बैठक से पहले ट्रंप के साथ हुई बातचीत को याद करते हुए कहा, “हम पर्दे के पीछे, मंच के पीछे थे, और एक समय पर सिर्फ राष्ट्रपति और मैं ही थे, और उन्होंने मुझसे पूछा कि भारतीय क्या मुद्दे उठाएंगे। हमने कुछ विषयों पर चर्चा की।”
राजदूत ने आगे कहा, “और उन्होंने पूछा, क्या उनकी कोई मांग है? और MEA की एक मांग थी। उन्होंने कहा, और वह यह थी कि मीडिया को बुलाते हैं, लेकिन पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करते हैं।” गोर ने कहा कि उन्होंने भारत की पसंद सीधे ट्रंप तक पहुंचाई। गोर ने याद करते हुए कहा, “मैंने राष्ट्रपति से कहा कि भारतीय चाहते हैं कि कोई सवाल न पूछा जाए। उन्होंने कहा, ठीक है, कोई बात नहीं।”
इसके बाद पत्रकारों और कैमरों की मौजूदगी में बैठक शुरू हुई। गोर ने बताया कि कमरे में लगभग 50 कैमरे थे, जब मोदी और ट्रंप आमने-सामने बैठे और अपनी शुरुआती बातें कहीं। उन्होंने कहा, “तो बैठक शुरू होती है, प्रेस अंदर आती है, वहां शायद 50 कैमरे रहे होंगे, राष्ट्रपति यहां बैठे हैं, प्रधानमंत्री वहां बैठे हैं, वे दोनों कुछ मिनटों तक बोलते हैं।


